भारतराजनीति

बंगाल में भाजपा सरकार के गठन की तैयारियां तेज, आज कोलकाता आएंगे अमित शाह; शुक्रवार को सीएम के नाम का एलान

 कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत के बाद नई सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में आठ मई, शुक्रवार को कोलकाता में भाजपा विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नेता यानी नए मुख्यमंत्री का चुनाव किया जाएगा।

उसके अगले दिन नौ मई, शनिवार को कविगुरु रवींद्र नाथ टैगोर की जयंती के दिन नई सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित किया जाएगा।

प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने शपथ ग्रहण के दिन राज्य में अपने सभी पार्टी कार्यालयों में रवींद्र संगीत बजाने का निर्देश दिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत में इसकी जानकारी दी।

शमिक ने बताया कि शपथ समारोह नौ मई को सुबह 10 बजे से होगा। उससे एक दिन पहले आठ मई की शाम करीब चार बजे नए नेता के चुनाव को नवनिर्वाचित पार्टी विधायक दल की बैठक होगी।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री शाह गुरुवार दिन में पटना में बिहार के नए मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण में हिस्सा लेने के बाद दोपहर बाद ही कोलकाता पहुंच जाएंगे।

मुख्यमंत्री पद की रेस में भवानीपुर में सीएम व तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी को हराने वाले सुवेंदु अधिकारी सबसे आगे चल रहे हैं। सुवेंदु ने इस बार दो सीटों भवानीपुर के अलावा अपनी परंपरागत नंदीग्राम से भी जीत दर्ज की है।

इधर, भाजपा की नई सरकार में पहली बार बंगाल में दो उपमुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) बनाए जाने की चर्चा भी तेज है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, तृणमूल से आने वाले वरिष्ठ व अनुभवी नेता तापस राय को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जा सकता है। उधर, चुनाव के बाद हिंसा का दौर जारी है। परिणाम घोषित होने के बाद हिंसा में अब तक दो की मौत हो चुकी है।

खबर है कि विधानसभा के एनेक्स बिल्डिंग को मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) बनाया जाएगा। बंगाल के नए सीएम विधानसभा के एनेक्स बिल्डिंग में ही बैठेंगे। सूत्रों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

सूत्र के अनुसार, बिल्डिंग में आंतरिक कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है और शुक्रवार तक वहां सीएम केबिन तैयार कर दिया जाएगा। इससे पहले खबर थी कि नई भाजपा सरकार का संचालन राइटर्स बिल्डिंग (पुराने राज्य सचिवालय) से किया जाएगा।

शमिक भट्टाचार्य ने भी कहा था कि नई सरकार का संचालन राइटर्स बिल्डिंग से ही किया जाएगा। चुनाव नतीजे आने के अगले ही दिन मंगलवार को राज्य के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों व इंजीनियरों ने भी राइटर्स बिल्डिंग का दौरा कर जायजा लिया था।

सूत्रों के अनुसार, राइटर्स बिल्डिंग से कुछ महत्वपूर्ण विभागों के कार्यालय संचालित होंगे और फिर धीरे-धीरे यहां विभागों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

मालूम हो कि 2011 में लगातार 34 साल के वाममोर्चा शासन का अंत कर सत्ता में आने के बाद ममता बनर्जी राज्य सचिवालय को राइटर्स बिल्डिंग से स्थानांतरित कर नवान्न (हावड़ा के मंदिरतल्ला) में लेकर चली गई थीं। अब प्रचंड जीत के बाद भाजपा राज्य सचिवालय फिर से राइटर्स बिल्डिंग में बनाना चाहती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button